Thursday, August 26, 2010

पुलिस का शक पूर्व कर्मचारियों पर

पुलिस का शक पूर्व कर्मचारियों पर
भोपाल। मणप्पुरम गोल्ड फाइनेंस कंपनी में हुई ढाई करोड़ रुपए की डकैती में पुलिस को कंपनी के पुराने कर्मचारियों पर शक है। अब तक एक दर्जन से अधिक पुराने कर्मचारियों से पूछताछ की जा चुकी है। आईजी भोपाल डा. शैलेंद्र श्रीवास्तव ने डकैतों पर पंद्रह हजार रुपए का ईनाम घोषित किया है। उन्होंने एक लाख रुपए का ईनाम घोषित करने का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा है।
सोमवार को नकाबपोश बदमाश मणप्पुरम गोल्ड फाइनेंस कंपनी के दफ्तर से करीब ढाई करोड़ रुपए का सोना लूट ले गए थे। उसके बाद से पुलिस को अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस को कंपनी के पुराने कर्मचारियों पर संदेह होने की वजह है वारदात के समय लुटेरों की वह धमकी जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें सबके बारे में पता है। कौन कब से इस कंपनी में काम कर रहा है। कब स्थानांतरित होकर आया है और कौन-कहां रह रहा है। पुलिस ने कंपनी के कर्मचारियों के बताए हुलिए के आधार पर संदेहियों का स्केच जारी किया है। पुलिस चौराहे पर लगाए गए कैमरे का वीडियो फुटेज निकाल कर उक्त स्केच का मिलान भी कर रही है। उसी आधार पर पुलिस ने कुछ संदेहियों से भी पूछताछ की है। पुलिस अब तक पुराने बदमाशों, बैंक के पुराने कर्मचारियों और नए कर्मचारियों से भी पूछताछ कर चुकी है। पुलिस को पुराने कर्मचारियों पर इसलिए भी शक है कि उन्हें बखूबी पता था कि कंपनी में कैमरे नहीं लगे हैं। कंपनी के पुराने इलेक्ट्रिीशियन और मैकेनिकों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस को कुछ पुराने कर्मचारियों के फोटो भी मिले हैं जिसका स्केच से मिलान किया जा रहा है। कर्मचारियों को भी यह स्केच दिखाया गया है।
पांच टीमें रवाना
आरोपियों का सुराग लगाने और उनकी धरपकड़ के लिए बनाई गई राजधानी पुलिस की पांच टीमें भोपाल से रवाना हो गई हैं। पुलिस की टीमें जयपुर, दिल्ली, मुंबई, बंगलौर और इंदौर गई हैं। पुलिस का कहना है कि इंदौर को छोड़ कर अन्य चारों शहरों में कंपनी के दफ्तर में इसी तर्ज पर डकैती की वारदात हो चुकी हैं। पुलिस वारदात और उसके तरीके की जानकारी जुटाएगी।
सघन चेकिंग अभियान
राजधानी के सीमावर्ती इलाके में पुलिस की सघन चेकिंग चल रही है। मिसरोद, रातीबड़, खजूरी, परवलिया, सूखी सेवनिया, निशातपुरा और बिलखिरिया में चेकिंग प्वाइंट लगाए गए हैं। जाने वाले सभी वाहनों को चेकिंग के बाद ही भोपाल की सीमा से बाहर जाने दिया जा रहा है। पुलिस यात्री बसों से लेकर दुपहिया वाहनों तक की चेकिंग कर रही है। पुलिस ने अभियान की सफलता के लिए बुधवार रात शहर में कांबिंग गश्त भी की है।

Date: 26-08-2010

No comments:

Post a Comment